देहरादून। आज दिनांक 21 सितंबर 2026 को SDRF वाहिनी मुख्यालय, जौलीग्रांट में स्थित डिस्पेंसरी में फिजियोथेरेपी सेंटर का शुभारंभ सेनानायक SDRF श्री अर्पण यदुवंशी द्वारा किया गया। इस पहल का उद्देश्य पुलिस कार्मिकों एवं उनके परिजनों को बेहतर फिजियोथेरेपी एवं पुनर्वास संबंधी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
फिजियोथेरेपी सेंटर में मांसपेशियों एवं जोड़ों से संबंधित समस्याओं, शारीरिक दर्द, चोट के उपरांत पुनर्वास, मांसपेशियों की कमजोरी तथा शारीरिक गतिशीलता में सुधार के लिए आवश्यक फिजियोथेरेपी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। विशेष रूप से SDRF के जवानों की कार्यप्रकृति को देखते हुए यह सुविधा महत्वपूर्ण है, क्योंकि आपदा एवं रेस्क्यू अभियानों के दौरान जवानों को कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में लंबे समय तक शारीरिक परिश्रम करना पड़ता है।
इस सेंटर के माध्यम से कार्मिकों को चोट अथवा शारीरिक समस्या के बाद बेहतर एवं समयबद्ध पुनर्वास में सहायता मिलेगी तथा उनकी कार्यक्षमता एवं शारीरिक फिटनेस बनाए रखने में भी सहयोग प्राप्त होगा। साथ ही, पुलिस कार्मिकों एवं उनके परिवारजनों को स्थानीय स्तर पर फिजियोथेरेपी सुविधा उपलब्ध होने से उपचार के लिए अन्यत्र जाने की आवश्यकता कम होगी।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान उपसेनानायक शुभांक रतूड़ी, सहायक सेनानायक संजय उप्रेती, शिविरपाल आनंद सिंह रावत सहित SDRF के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










